कानपुर : गर्मी का कहर: 43°C पार तापमान, हीट इंडेक्स 50 के ऊपर, लू का अलर्ट जारी

✍️By: Nation Now Samachar Desk
कानपुर : गर्मी का कहर: 43°C पार तापमान, हीट इंडेक्स 50 के ऊपर, लू का अलर्ट जारी

राघव तिवारी की रिपोर्ट उत्तर प्रदेश केकानपुर शहर में गर्मी ने इस समय सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। तेज धूप और लगातार बढ़ती तपिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह सात बजे से ही सूरज की किरणें इतनी तेज हो जा रही हैं कि लोगों को घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा सा देखने को मिल रहा है और दोपहर होते-होते लू के थपेड़े लोगों को बेहाल कर दे रहे हैं।भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने कानपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए आज और कल लू चलने का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वेदर स्टेशन के अनुसार कानपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है। वहीं एयरफोर्स स्टेशन पर तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे चकेरी क्षेत्र में भीषण गर्मी का असर और ज्यादा देखने को मिला। इस गर्मी के कारण लोग काफी परेशान नजर आए।

तेज धूप से बचने के लिए लोग छाते और गमछे का सहारा लेते दिखे। स्कूलों की छुट्टी के समय छात्र-छात्राएं अपने चेहरे को कपड़े से ढककर घर लौटते नजर आए। बाजारों में भी दोपहर के समय भीड़ काफी कम रही। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग जगह-जगह शिकंजी, नींबू पानी और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं।

स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि रात के समय भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। सीएसए की रिपोर्ट के अनुसार न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक है। इसका मतलब यह है कि दिन के साथ-साथ रातें भी अब गर्म बनी हुई हैं, जिससे लोगों की नींद प्रभावित हो रही है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को कानपुर में तेज धूप के साथ गर्मी और अधिक बढ़ सकती है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि हीट इंडेक्स 50 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की संभावना है, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक स्थिति मानी जाती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की भीषण गर्मी में शरीर में पानी की कमी, हीट स्ट्रोक और कमजोरी जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं। इसलिए लोगों को सलाह दी गई है कि वे धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें और अधिक से अधिक पानी का सेवन करें।

कानपुर में बढ़ती गर्मी ने न केवल आम जनजीवन को प्रभावित किया है बल्कि कामकाज और यातायात पर भी असर डाला है। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है और लोग घरों में ही रहने को मजबूर हैं।कुल मिलाकर, कानपुर में इस समय भीषण गर्मी का दौर जारी है और आने वाले दिनों में इससे राहत मिलने के आसार फिलहाल कम दिखाई दे रहे हैं। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।

उत्तर प्रदेश से और खबरें