औरैया महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम-सीएम का पुतला दहन

✍️By: Nation Now Samachar Desk
औरैया महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम-सीएम का पुतला दहन

संवाददाता अंजुमन तिवारी औरैया उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में महिला आरक्षण बिल को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सरिता दोहरे के नेतृत्व में महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंका।जिला कांग्रेस कमेटी औरैया के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने वर्ष 2023 में महिला आरक्षण बिल पारित कर राजनीतिक लाभ तो लिया, लेकिन अब तक उसे लागू नहीं किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार देने के बजाय सरकार लगातार इसे टाल रही है।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सरिता दोहरे ने कहा कि लोकसभा सीटों के परिसीमन का हवाला देकर महिला आरक्षण को रोका जा रहा है, जिससे सरकार की नीयत साफ दिखाई देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं को सम्मान देने की बात करती है, लेकिन व्यवहार में महिलाओं को अधिकार देने से पीछे हट रही है।सरिता दोहरे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2022 के चुनाव में कांग्रेस ने महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देकर नई मिसाल कायम की थी। उन्होंने निकाय चुनावों में भी महिलाओं को पर्याप्त भागीदारी देने की मांग उठाई।

कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर विपक्षी नेताओं के खिलाफ अमर्यादित राजनीति करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं को गुमराह करना और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन बंद नहीं हुआ, तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर जवाब देंगे।कांग्रेस ने मांग कि वर्ष 2023 में पारित महिला आरक्षण बिल को बिना किसी देरी के तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। साथ ही पार्टी अब गांव-गांव और घर-घर जाकर महिलाओं को जागरूक करने का अभियान चलाएगी।इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महिलाओं के हक और सम्मान की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

उत्तर प्रदेश से और खबरें