Jabalpur Cruise Accident: बरगी डैम में डूबा एमपी टूरिज्म क्रूज, 4 की मौत,11 लोग लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Jabalpur Cruise Accident: मध्य प्रदेश के Bargi Dam में गुरुवार शाम एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया, जब जबलपुर जिले में चल रहा एमपी टूरिज्म का एक क्रूज अचानक डूब गया। यह घटना शाम करीब साढ़े छह बजे की बताई जा रही है, जिसने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया।यह क्रूज लगभग 20 साल पुराना बताया जा रहा है और नियमित रूप से पर्यटकों को डैम में सैर कराता था। घटना के समय क्रूज में करीब 29 पर्यटक और 2 क्रू मेंबर सवार थे। अचानक हुए इस हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। वहीं 11 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर पुलिस, SDRF, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी पहुंचे। साथ ही लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद आशीष दुबे और स्थानीय विधायक नीरज सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी शुरू कर दी।अधिकारियों के अनुसार, राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। SDRF की टीम लगातार पानी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। इसके अलावा NDRF की टीम भी रवाना हो चुकी है और जल्द ही मौके पर पहुंचकर ऑपरेशन को और तेज करेगी। सेना का एक हेलिकॉप्टर भी हैदराबाद से बुलाया जा रहा है ताकि लापता लोगों की खोज में मदद मिल सके।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।वहीं स्थानीय विधायक नीरज सिंह ने बताया कि यह क्रूज लंबे समय से पर्यटकों को सैर कराता आ रहा था और रोजाना कई फेरे लगाए जाते थे। हादसे के कारणों को लेकर अभी कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता, लेकिन जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
घटनास्थल पर मौजूद एक चश्मदीद मजदूर करण सिंह ने बताया कि जब वे वहां पहुंचे तो क्रूज आधा डूब चुका था। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना लाइफ जैकेट और ट्यूब की मदद से 12 से 14 लोगों को बचाने में मदद की, जिनमें चार महिलाएं भी शामिल थीं।फिलहाल पूरा प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है और लापता लोगों की तलाश युद्ध स्तर पर की जा रही है। यह हादसा क्षेत्र में पर्यटन सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
मध्य प्रदेश से और खबरें

इंदौर हनीमून मर्डर केस: सोनम रघुवंशी को जमानत मंजूर, 10 महीने बाद जेल से रिहाई का रास्ता साफ
28 अप्रैल 2026
मैहर NH-30 पर भीषण सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रेलर ने मारी टक्कर, 15 से ज्यादा लोग घायल
11 अप्रैल 2026
मध्य प्रदेश में तालाब में छिपा कुख्यात चोर हरविंदर सिंह गिरफ्तार, कमल डंडी से ली सांस
9 अप्रैल 2026